रायपुर ,12 फरवरी(वेदांत समाचार)।रायपुर में नॉर्थ जोन पुलिस और एसीसीयू की टीम ने बुधवार को करीब 10 लाख रुपए का गुटखा जब्त किया है। जो खमतराई इलाके के एक यार्ड में डंप कर रखा गया था। जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पुलिस को लंबे समय से अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थी। ऐसे में पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई को जांच के निर्देश दिए थे।
इसके बाद टीम ने यार्ड में दबिश दी। जहां बड़ी मात्रा में गुटखा बरामद किया गया। फिलहाल, पुलिस इस मामले में गोदाम संचालक से पूछताछ में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त गुटखा असली है या नकली, इसकी पुष्टि के लिए फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गुटखा स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।
जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने यार्ड में रेड और गुटखा जब्ती की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
