कोरबा, 11 फरवरी (वेदांत समाचार)। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक एवं संत श्री धीरेन्द्र शास्त्री जी के सान्निध्य में कोरबा में आयोजित होने जा रही दिव्य श्री हनुमंत कथा की तैयारियों को लेकर बुधवार को जश्न रिसॉर्ट में शाम 4 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और सहयोग व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समाजसेवी राणा मुखर्जी ने बताया कि इस आयोजन के आध्यात्मिक आयोजक स्वयं बजरंग बली माने जाएंगे और विशेष रूप से कोरबा के सफाई कर्मी कथा आयोजन में मुख्य यजमान की भूमिका निभाएंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन 28 मार्च से 1 अप्रैल तक किया जाएगा। इसके पूर्व 27 फरवरी को 21 हजार माताओं-बहनों के साथ भव्य कलश यात्रा निकालने का संकल्प लिया गया है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक जागरण के साथ सामाजिक समन्वय और सहभागिता को बढ़ाना है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संभागीय सर संघचालक एवं विद्या भारती (मध्य क्षेत्र) के उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श भक्त का स्वरूप हनुमान जी से समझ में आता है और संत धीरेंद्र शास्त्री जी अपनी वाणी से देश और विश्व में सनातन विचारधारा का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की भावना सर्वोपरि है और इसी समन्वय के उद्देश्य से कोरबा में यह दिव्य कथा आयोजित की जा रही है। उन्होंने आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
समाजसेवी सुबोध सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरे जिलेवासियों का सहयोग जरूरी है। कोई समय, कोई आर्थिक सहयोग और कोई अपने अनुभवों के माध्यम से योगदान दे सकता है। बैठक में नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, ऋतु चौरसिया, शिव कश्यप, विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष गौरव मोदी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी अपने सुझाव दिए।
आयोजन समिति की घोषणा भी बैठक में की गई। आयोजन का दायित्व श्री हनुमान जी को समर्पित करते हुए संयोजक अमरजीत सिंह, सचिव डॉ. पवन सिंह बनाए गए हैं। कोर टीम में ऋषभ केशरवानी, तपिश, रवि गिडवानी, नवल गुप्ता और ऋषभ शुक्ला शामिल हैं। भारत मां की रसोई के सतत संचालन की जिम्मेदारी समाजसेवी प्रेम मदान ने संभाली है।
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरबा में श्री हनुमान जी का दिव्य दरबार सजने जा रहा है और वे प्रतिदिन आयोजन स्थल पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन का संभावित बजट लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये है और इसके लिए एक लाख श्रद्धालुओं से 280 रुपये सहयोग राशि जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्वयं जनसंपर्क कर सहयोग जुटाने का संकल्प व्यक्त किया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने सुझाव दिया कि आयोजन में सहयोग के लिए सभी वर्गों के लोगों के लिए रास्ते खुले होने चाहिए, ताकि हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे सके। इसके लिए क्यूआर कोड जारी करने जैसी व्यवस्था भी की जा सकती है।
पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री वैशाली रत्नपारखी ने महिलाओं से संबंधित व्यवस्थाओं के संचालन में हर संभव सहयोग देने की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की। आयोजन को लेकर जिले में व्यापक उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
