कोरबा, 11 फरवरी 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम चैतमा में निर्माणाधीन चिकित्सक आवास का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ली तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने और आवश्यक सुधार के साथ कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ईंटों की जोड़ाई, आंतरिक निर्माण और अन्य तकनीकी कार्यों की बारीकी से जांच की। कुछ स्थानों पर निर्माण में त्रुटियां मिलने पर उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के इंजीनियर और ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देशित किया कि दीवारों में पाई गई कमियों को तत्काल सुधारते हुए आवश्यक ग्राउटिंग कराई जाए तथा अन्य सभी खामियों का पुनः परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण सुधार सुनिश्चित किया जाए। गुणवत्ता संबंधी लापरवाही को गंभीर मानते हुए ठेकेदार राहुल शर्मा को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान कटघोरा स्थित शासकीय पीजी कॉलेज में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी जायजा लिया और इसे निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम उतरदा में पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित किए जा रहे ग्राम्य भारती हरदीबाजार कॉलेज भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य समय पर पूरा करने को कहा। कॉलेज भवन के लिए बाउंड्रीवाल और छात्रावास की मांग पर संबंधित प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जा रही 8 किलोमीटर लंबी उत्तरदा–रेकी सड़क का भी निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण करने को कहा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग छुरी–कटघोरा मार्ग का अवलोकन करते हुए नेशनल हाईवे अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य की गति बढ़ाने और समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
