Vedant Samachar

KORBA: निर्माणाधीन पीएम आवास कॉलोनी का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर सख्त निर्देश

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 11 फरवरी 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दादरखुर्द क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों से आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति, प्रगति और शेष कार्यों की जानकारी ली तथा गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। उन्होंने पेंटिंग, इंटीरियर और अन्य लंबित कार्यों को तय समय-सीमा में सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हितग्राहियों को आवास हस्तांतरण से पहले सभी जरूरी कार्यों का पूर्ण होना अनिवार्य है।

निरीक्षण के दौरान कॉलोनी के पार्ट-वन और पार्ट-टू में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को काम में तेजी लाने, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और प्रतिदिन प्रगति की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को कॉलोनी में समुचित बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भविष्य में निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने निर्देशित किया कि मार्च माह तक आवास निर्माण के साथ विद्युत सहित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।

कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजना है और इसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने तहसील रोड और बाईपास रोड (मंडी से आरएसएस नगर मार्ग) का भी जायजा लिया और सड़क निर्माण व व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा कर यातायात सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रिस्दी चौक, प्रस्तावित गौधाम क्षेत्र और विकसित किए जा रहे मियावाकी क्षेत्र का भी निरीक्षण कर कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

इस दौरान निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, सीडीएम श्री सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article