जांजगीर चांपा,11 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले के चांपा–बिर्रा मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह के सामने शव रखकर चक्का जाम कर दिया और मुआवजा व कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार बनडभरा निवासी तरुण बंजारे अपने मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में प्रधान आरक्षक सुनील सिंह और आरक्षक अमीर पैकरा सहित अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में परिजन और भीम आर्मी के कार्यकर्ता पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृतक की पहचान तरुण बंजारे, पिता राम रतन, उम्र लगभग 20–22 वर्ष, निवासी बनडभरा के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
