नई दिल्ली,11फरवरी : IPL 2026 जल्दी ही शुरू होने वाला है मगर उससे पहले RCB के होम ग्राउंड का कोई अता-पता नहीं है. RCB को नए सीजन के लिए नए होम ग्राउंड की तलाश है. इसके लिए डी वाई पाटिल स्टेडियम उसकी पहली चॉइश थी. मगर बगैर मुंबई इंडियंस से NOC मिले वहां अपने घरेलू मैच खेलना RCB के लिए संभव नहीं. डीवाई पाटिल को होम ग्राउंड बनाने के संदर्भ में RCB ने जब मुंबई इंडियंस से बात की, तो उनकी ओर से आए जवाब में कहा कि पहले देश में मौजूद दूसरे ऑप्शन तलाश लें, फिर डीवाई पाटिल की सोचें. मतलब साफ है कि मुंबई इंडियंस अपना होम ग्राउंड RCB को देने के मूड में नहीं दिख रही.
RCB को डीवाई पाटिल स्टेडियम देने के मूड में नहीं MI
मुंबई इंडियंस से जूड़े सूत्रों के हवाले से टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि, RCB को डीवाई पाटिल स्टेडियम ही क्यों चाहिए? देश के दूसरे स्टेडियम क्यों नहीं? कई सारे दूसरे वेन्यू हैं. RCB को पहले बाकी वेन्यू को ऑप्शन के तौर पर देखना चाहिए फिर डीवाई पाटिल पर फोकस करना चाहिए. देश में कई सारे नॉन-आईपीएल सेंटर हैं. उसके अलावा राजकोट, पुणे, रायपुर, वाइजैग, इंदौर जैसे सेंटर भी हैं, जहां आईपीएल के मुकाबले खेले जाते रहे हैं. मुंबई इंडियंस अगर आज डीवाई पाटिल के लिए RCB को हां करेगी तो कल कोई दूसरी टीम आकर ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेलने की इच्छा जाहिर करेगी.
बेंगलुरु में मैच कराने पर बातचीत का दौर जारी
RCB के IPL 2025 का खिताब जीतने के बाद 4 जून को निकले विजय जुलूस के दौरान बेंगलुरु में भगदड़ मच गई थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे और कुछ की जान चली गई थी. उस हादसे के बाद कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम पर क्रिकेट मैचों के आयोजन पर रोक लगाने का फैसला किया.
हालांकि, RCB का बेंगलुरु में मैच कराने का प्रयास जारी है. इसे लेकर RCB कर्नाटक के गृह मंत्री से मुलाकात भी की. मुलाकात में पॉजिटिव संकेत तो मिले हैं मगर RCB के दूसरे ऑप्शन की तलाश भी जारी है. RCB के लिए नए होम वेन्यू की तलाश खत्म करना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि IPL मैचों का शेड्यूल भी जारी होना है.
