मुंबई। शिवाजी नगर इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवती शिफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना फुरकानिया इलाके की है, जहां अचानक तेज आवाज गूंजी—कुछ लोगों ने इसे पटाखा समझा तो कुछ ने बाइक की बैकफायर, लेकिन कुछ ही पलों में साफ हो गया कि यह गोली चलने की आवाज थी और वही गोली शिफा की जिंदगी छीन चुकी थी।
सड़क पर लहूलुहान गिरी शिफा को देखकर लोग घबरा गए, किसी ने एंबुलेंस को फोन किया तो किसी ने पुलिस को सूचना दी, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शुरुआत में मामला पूरी तरह उलझा हुआ नजर आया, चश्मदीदों के बयान अलग-अलग थे और कई सवाल खड़े हो रहे थे कि आखिर किसने और क्यों यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
शिवाजी नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके के हर गली-मोहल्ले और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसमें एक महिला और एक युवक की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जो घटना से पहले और बाद में इलाके में घूमते दिखाई दिए। तकनीकी सबूतों, मुखबिरों की सूचना और करीब 12 घंटे की लगातार जांच के बाद पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवती और उसके 23 वर्षीय पुरुष साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह पूरी वारदात कथित तौर पर लव ट्रायंगल और आपसी शक-ईर्ष्या के चलते रची गई साजिश का नतीजा थी। जांच अधिकारियों के अनुसार मृतका शिफा और आरोपियों के बीच पिछले कुछ समय से तनाव और विवाद चल रहा था, जो धीरे-धीरे गहरे टकराव में बदल गया और इसी गुस्से व जलन में हत्या की योजना बनाई गई।
पुलिस का दावा है कि महिला आरोपी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। जोनल डीसीपी समीर शेख के मुताबिक दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से आया और क्या इस जघन्य अपराध में कोई तीसरा व्यक्ति भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा व अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है। एक तरफ जांच तेजी से आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर एक परिवार अपनी 19 साल की बेटी को खोने के गहरे सदमे से जूझ रहा है।
