Vedant Samachar

SECL अमेरा खदान में कोयला चोरी का वीडियो वायरल, रोजाना 100 टन से अधिक अवैध उत्खनन का आरोप

Vedant samachar
2 Min Read

सरगुजा,11 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित South Eastern Coalfields Limited (SECL) की अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिला, पुरुष और बच्चों सहित ग्रामीणों का एक समूह खदान क्षेत्र में प्रवेश कर कोयला एकत्रित करता दिखाई दे रहा है।

वीडियो के संबंध में दावा किया जा रहा है कि प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयला अवैध रूप से निकाला जा रहा है और उसे दोपहिया वाहनों के माध्यम से आसपास संचालित ईंट-भट्ठों तक पहुंचाया जा रहा है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

खदान कर्मियों से झड़प का आरोप

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खदान कर्मचारियों द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर कुछ मामलों में विवाद और झड़प की स्थिति भी निर्मित हुई है। बताया जा रहा है कि पूर्व में पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद कोयला चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

शासन को राजस्व हानि की आशंका

यदि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे सही पाए जाते हैं, तो इससे शासन और खनन कंपनी को लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं और मीम्स की भी बाढ़ आ गई है। कुछ यूजर्स ने इसे फिल्मी अंदाज में “KGF” की तर्ज पर हो रही कोयला चोरी बताया है।

प्रशासन की चुप्पी

मामले में अब तक SECL प्रबंधन या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो की सत्यता और चोरी की मात्रा की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

(नोट: वायरल वीडियो के आधार पर प्रकाशित समाचार। प्रशासनिक पुष्टि शेष है।)

Share This Article