कोरबा,10 फरवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब कोरबा की रहने वाली प्रसिद्ध अभिनेत्री इशिका यादव ने रंग झांझर अवार्ड 2025-26 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म अभिनेत्री का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। यह सम्मान उन्हें सुपरहिट छत्तीसगढ़ी फिल्म मोर छंइहा भुईयां 3 में उनके सशक्त और प्रभावशाली अभिनय के लिए प्रदान किया गया।
रंग झांझर अवार्ड का आयोजन हर वर्ष छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा किया जाता है। इस मंच के माध्यम से प्रदेश के फिल्म जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों और तकनीशियनों को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष के समारोह में छत्तीसगढ़ के कई नामचीन कलाकारों की उपस्थिति रही, जहां इशिका यादव को विशेष सम्मान और प्रमुख स्थान मिला।

अवॉर्ड प्राप्त करने के बाद इशिका यादव ने अपनी इस उपलब्धि को अपने परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इन सभी के विश्वास और सहयोग ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। साथ ही, उन्होंने फिल्म के निर्देशक सतीश जैन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मोर छंइहा भुईयां 3’ जैसी बड़ी फिल्म में काम करने का अवसर देना उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ।
उल्लेखनीय है कि इशिका यादव लंबे समय से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में सक्रिय हैं और अपने अभिनय, मेहनत व निरंतर सफल फिल्मों के दम पर उन्होंने एक अलग पहचान बनाई है। उन्हें प्रदेश की उभरती हुई सुपरस्टार अभिनेत्रियों में गिना जाता है।
इशिका यादव कोरबा जिले की एसईसीएल की एसबीएस कॉलोनी की निवासी हैं। उनके कोरबा आगमन पर स्थानीय नागरिकों और प्रशंसकों ने गर्मजोशी से स्वागत कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
