Vedant Samachar

शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 10 फरवरी। बलौदा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को आज मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी निकेश कुमार सुमन, निवासी ग्राम बुचीहरदी, थाना बलौदा ने 6 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर के समय गांव के गोपी पाटले और जग्गू पाटले उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहे थे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर दोनों ने पुरानी रंजिश को लेकर अश्लील गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना बलौदा में आरोपियों के विरुद्ध धारा 119(1), 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में गोपी पाटले (30 वर्ष) और जग्गू पाटले (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बुचीहरदी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर तथा आरक्षक रज्जू रात्रे, प्रहलाद कश्यप और संदीप सोनंत का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article