रायगढ़,10 फरवरी(वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाई साइलेंसर और हैवी हार्न के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत गैरेज संचालकों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चोरी के वाहनों की पहचान के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के “सशक्त ऐप” का उपयोग करने की प्रक्रिया भी समझाई गई है। अभियान के पहले ही दिन तीन दुपहिया वाहन मॉडिफाई साइलेंसर के साथ पकड़े गए, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी मयंक मिश्रा और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने संयुक्त कार्ययोजना तैयार की है। इसी क्रम में सीएसपी मयंक मिश्रा ने पुलिस कार्यालय में स्थानीय गैरेज संचालकों की बैठक लेकर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी वाहन में मॉडिफाई साइलेंसर न लगाया जाए। उन्होंने बताया कि गैरेज में आने वाले वाहनों में चोरी के वाहन भी हो सकते हैं, जिनकी पहचान “सशक्त ऐप” के माध्यम से की जा सकती है। बैठक के दौरान संचालकों के मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कर उसके उपयोग की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी के वाहन की सूचना देने वाले गैरेज संचालकों और पुलिस मित्रों को रायगढ़ पुलिस द्वारा सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए मॉडिफाई साइलेंसर से विद्यार्थियों और बुजुर्गों को होने वाली परेशानी पर चिंता जताई गई। चार पहिया वाहनों में मानक के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस टीम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मॉडिफाई साइलेंसर की खरीद-फरोख्त पर भी नजर रख रही है। आम नागरिकों और गैरेज संचालकों से अपील की गई है कि मॉडिफाई साइलेंसर लगे वाहनों की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 पर दें और संभव हो तो फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश जारी करते हुए कहा है कि मॉडिफाई साइलेंसर और हैवी हार्न लगे वाहन चालक तुरंत ऐसे उपकरण हटवा लें। पुलिस जांच में पकड़े जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
