नई दिल्ली,10फरवरी : PAK vs USA T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान और USA अपना-अपना दूसरा मैच खेलने उतरेंगे. ये मुकाबला इनके बीच एक दूसरे के खिलाफ होगा. मगर उस मुकाबले से पहले USA की टीम में एक ऐसे खिलाड़ी की एंट्री हुई है, जो पहले पाकिस्तान के लिए भी वर्ल्ड कप खेल चुका है. हम बात कर रहे हैं एहसान आदिल की, जिन्हें जसदीप सिंह की जगह बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया गया है. इस बात की बहुत उम्मीद है कि एहसान आदिल पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में USA की प्लेइंग इलेवन का भी हिस्सा होंगे.
पाकिस्तान के लिए 2015 ODI वर्ल्ड कप खेला
एहसान आदिल, रेड बॉल और व्हाइट बॉल, दोनों ही क्रिकेट में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने पाकिस्तान के लिए वर्ल्ड कप भी खेला है. वो 2015 में खेले वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा थे. मिस्बाह उल हक की कप्तानी में पाकिस्तान ने वो वनडे वर्ल्ड कप खेला था, जिसमें एहसान आदिल ने 2 मैच में 2 विकेट चटकाए थे.
T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे
अब 11 साल बाद वही एहसान आदिल पाकिस्तान की टीम के साथ नहीं बल्कि उसके खिलाफ मैदान पर उतरेंगे. USA ने उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मैच से ठीक पहले भारतीय मूल के खिलाड़ी जसदीप सिंह की जगह टीम में शामिल किया है. जसदीप सिंह दाएं कंधे में हुई इंजरी के चलते टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं. उन्हें ये चोट न्यूजीलैंड के खिलाफ वॉर्म अप मैच में लगी थी. एहसान आदिल पहले से ही टीम की ट्रेवलिंग रिजर्व का हिस्सा थे. मगर अब वो मुख्य स्क्वॉड में आ गए हैं.
पाकिस्तान के खिलाफ खेल सकते हैं एहसान आदिल
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज रहे एहसान आदिल ने पाकिस्तान के लिए 3 टेस्ट और 6 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल मिलाकर 9 विकेट लिए हैं. उन्होंने 5 विकेट टेस्ट में जबकि 4 विकेट वनडे में लिए हैं. USA के लिए उन्होंने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है. माना जा रहा है कि ये मौका उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ ही मिलता दिखे.
