Vedant Samachar

Raigarh Crime Breaking : होटल ट्रिनिटी के सनराइज स्पा एंड सैलून में देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालक और मैनेजर गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,10 फरवरी(वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने देह व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त रेड कार्यवाही में स्पा सेंटर के संचालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से तीन महिलाएं मिलीं। पुलिस ने मोबाइल, नकदी, दस्तावेज और आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल ट्रिनिटी स्थित स्पा सेंटर में ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा। पाइंटर द्वारा संकेत दिए जाने के बाद शाम करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। महिलाओं की गरिमा का ध्यान रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि अधिक कमाई के उद्देश्य से ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं। कार्रवाई के दौरान होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर थाना लाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल, ₹6,000 नगद (पुलिस पाइंटर द्वारा दिए गए), स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर, वर्ष 2024 से किरायानामा दस्तावेज तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में विनयकांत बरगट (43 वर्ष), निवासी कैलाश नगर मिलाई, जिला दुर्ग, हाल मुकाम होटल ट्रिनिटी रायगढ़, तथा देवेन्द्र सिंह (48 वर्ष), निवासी बीडपारा, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ शामिल हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा और अवैध शराब जैसे किसी भी अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article