[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

फेयरवेल की मौज या मौत को दावत स्कूल के बाहर चलती कारों की छत पर स्टंट, पुलिस ने सिखाया कानून का पाठ

जांजगीर-चांपा,10 फरवरी(वेदांत समाचार)। स्कूल की विदाई पार्टी (Farewell Party) यादगार होनी चाहिए, लेकिन जांजगीर-चांपा के खैरताल स्थित GLD स्कूल के छात्रों ने इसे जानलेवा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी, जिसके बाद नवागढ़ पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए स्टंटबाजों के हौसले पस्त कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फेयरवेल पार्टी के दौरान युवक कार और स्कॉर्पियो की बोनट और छतों पर बैठकर फिल्मी स्टाइल में खतरनाक स्टंट कर रहे थे। बीच सड़क पर खुलेआम यातायात नियमों को ठेंगा दिखाते इन युवाओं की एक छोटी सी चूक किसी बड़ी अनहोनी या जनहानि का कारण बन सकती थी।

मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और एडिशनल SP उमेश कुमार कश्यप ने इसे गंभीरता से लिया। नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों और चालकों की पहचान की। हुड़दंग करने वाले युवकों को थाने लाकर कानून का पाठ पढ़ाया। मोटरयान अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 2800 रुपये का जुर्माना ठोका। नवागढ़ पुलिस ने अपील की है कि, सड़क पर स्टंट करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह दूसरों की जान को भी खतरे में डालता है।

[metaslider id="133"]