[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

छह माह बाद भी भुगतान नहीं, ठेकेदार आमरण अनशन को मजबूर,CMO बोले– फाइल आई तो आज ही कट जाएगा चेक, इंजीनियर ने भी दिया आश्वासन

कोरबा/छुरीकला,10 फरवरी(वेदांत समाचार)। शासन की योजनाओं के अंतर्गत कार्य पूर्ण करने के बाद भी भुगतान में हो रही देरी प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर रही है। ताजा मामला नगर पंचायत छुरीकला का है, जहां अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना कार्य पूरा होने के छह माह बाद भी ठेकेदार को पूर्ण भुगतान नहीं मिल पाया है। भुगतान न होने से परेशान ठेकेदार ने आमरण अनशन की चेतावनी दी है, जिससे नगर पंचायत प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत छुरीकला द्वारा वर्ष 2024 में अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना कार्य की निविदा अग्रवाल एजेंसी, कटघोरा को प्रदान की गई थी। अनुबंध के तहत ठेकेदार ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर दिया। कार्य की कुल लागत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसमें से अब तक केवल 40 प्रतिशत राशि का ही भुगतान किया गया है। शेष राशि के लिए ठेकेदार बीते छह माह से नगर पंचायत के चक्कर काट रहा है।

भुगतान में देरी से आहत अग्रवाल एजेंसी के प्रोपराइटर अनिल अग्रवाल ने नगर पंचायत को पत्र प्रेषित कर चेतावनी दी है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि कार्य का हैंडओवर एवं लोकार्पण छह माह पूर्व ही हो चुका है, इसके बावजूद भुगतान नहीं किया जाना अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा है कि यदि 9 फरवरी 2026 तक भुगतान नहीं किया गया, तो 10 फरवरी को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष आमरण अनशन किया जाएगा। अनिल अग्रवाल की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर उनके परिजन भी चिंतित हैं।

इस संबंध में नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि भुगतान से संबंधित फाइल अभी तक उनके पास नहीं पहुंची है। उन्होंने इंजीनियर पर प्रक्रियागत कार्यों में विलंब का आरोप लगाते हुए कहा कि फाइल आते ही भुगतान कर दिया जाएगा। वहीं, इंजीनियर चंद्रप्रकाश जायसवाल ने दावा किया है कि भुगतान संबंधी फाइल पूर्ण कर ली गई है और आज ही चेक जारी कर दिया जाएगा।

अब सवाल यह है कि जब कार्य समय पर पूर्ण हो चुका था, तो भुगतान में छह माह का विलंब क्यों हुआ—यह जांच का विषय बना हुआ है।

[metaslider id="133"]