कोरबा,09 फरवरी(वेदांत समाचार)। बुधवारी स्थित महाराणा प्रताप नगर चौक के पास श्री गजानन सांई मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गजानन महाराज प्रकट दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन संयुक्त महाराष्ट्र सेवा मंडल एवं गणेश सेवा समाज के तत्वावधान में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह के अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने गजानन महाराज सहित मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कोरबावासियों के वैभव, ऐश्वर्य, उन्नति, प्रगति, स्वास्थ्य, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

पूर्व मंत्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि गजानन विजय ग्रंथ एक सिद्ध ग्रंथ है और इसका नियमित पारायण करने से भक्तों के मनोरथ पूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त महाराष्ट्र सेवा मंडल और गणेश सेवा समाज द्वारा हर वर्ष प्रकट दिवस समारोह का आयोजन किया जाता है, जिसमें उन्हें शामिल होने का अवसर मिलता है। इसके लिए उन्होंने मंडल और समाज के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया। श्री अग्रवाल ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
