Vedant Samachar

उरगा–पत्थलगांव नेशनल हाईवे पर वाहन की टक्कर से जंगली भालू की मौत, चालक फरार…

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,09 फरवरी(वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के उरगा–पत्थलगांव नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक जंगली भालू की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा सरदुकला गांव के पास उस समय हुआ, जब भालू सड़क पार कर रहा था। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे सरदुकला के समीप अचानक एक भारी वाहन ने सड़क पार कर रहे भालू को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भालू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेंजर मृत्युंजय शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तथा पशु चिकित्सक डॉ. अंकित शुक्ला मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक द्वारा जांच के बाद भालू को मृत घोषित किया गया। सोमवार को भालू के शव को कोसाबाड़ी डिपो लाया गया, जहां डीएफओ प्रेमलता यादव एवं एसडीओ एस.के. सोनी की उपस्थिति में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला परियोजना के तहत हाईवे चौड़ीकरण और धरमजयगढ़ रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के कारण इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए ओवरब्रिज या अंडरब्रिज निर्माण की मांग की है।

Share This Article