जांजगीर-चांपा,09 फरवरी(वेदांत समाचार) । जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरताल स्थित GLD स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान वाहनों पर खतरनाक स्टंटबाजी करना युवकों को महंगा पड़ गया। मामले में पुलिस ने आज सोमवार को संलिप्त युवकों की पहचान कर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही कर प्रत्येक से 2800-2800 रुपये का समन शुल्क वसूला है।
यह घटना 4 फरवरी 2026 की बताई जा रही है, जब फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक कार और स्कॉर्पियो वाहन की बोनट एवं छत पर बैठकर स्टंट करते नजर आए। इस खतरनाक करतब का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में नवागढ़ थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के बाद संबंधित वाहन चालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। पुलिस ने चालकों को कड़ी समझाइश दी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ और थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर इस प्रकार के खतरनाक स्टंट से बचें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
