Vedant Samachar

5 साल बाद परीक्षा शुल्क में दोगुनी वृद्धि आवेदन फार्म भरने 70 रुपए ज्यादा देने होंगे

Vedant Samachar
3 Min Read

10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के सभी तरह के शुल्क बढ़े

रायपुर ,09 फरवरी(वेदांत समाचार)।पांच साल बाद बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में लगभग दोगुनी बढ़ोत्तरी की है। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए नियमित परीक्षा शुल्क, अंक पत्र और प्रति विषय प्रैक्टिकल को मिलाकर पहले 460 रुपए देने होते थे। अब इसके लिए 800 रुपए देने होंगे। इसी तरह आवेदन फार्म के लिए अब 70 रुपए ज्यादा देने होंगे। पहले 80 रुपए देने होते थे, लेकिन अब 150 रुपए देने होंगे।

नियमित आवेदन पत्र तय समय में जमा नहीं करने पर प्रति परीक्षा 31 दिसंबर तक के लिए 2 हजार रुपए देने होंगे। पहले इसके लिए 1540 रुपए देने होते थे। बता दें कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 2026-27 सत्र के लिए यह वृद्धि की है। इससे पहले मंडल ने 2021 में परीक्षा शुल्क समेत दूसरे अन्य शुल्क में वृद्धि की थी। हालांकि, प्रवेश पत्र की दूसरी प्रति निकलवाने के लिए लगने वाले शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई है। पहले की तरह अभी भी प्रवेश पत्र द्वितीय प्रति के लिए शुल्क 80 रुपए ही है।

कार्यपालिका समिति ने लिया निर्णय

10वीं और 12वीं के परीक्षा शुल्क में वृद्धि का निर्णय कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने लगभग 22 मदों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, एक विषय- दो विषय (द्वितीय मुख्य/ अवसर परीक्षा), स्वाध्यायी छत्तीसगढ़ राज्य से बाहर के छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क, स्वाध्यायी छत्तीसगढ़ राज्य के नवीन छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क जैसे 21 मदों के शुल्क में लगभग डेढ़ से दुगुनी वृद्धि की गई है।

एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन शुल्क डेढ़ गुना बढ़े छत्तीसगढ़ राज्य के स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति सहित लिए जाने वाले शुल्क में भी लगभग डेढ़ गुनी वृद्धि की गई है। पहले जहां इसके लिए 560 रुपए देने होते थे। वहीं, अब इसके लिए 800 रुपए देने होंगे। हालांकि, राज्य के नए छात्रों और बाहर के छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति सहित लिए जाने वाले शुल्क में 560 रुपए की वृद्धि की गई है। पहले 1540 रुपए देने होते थे, लेकिन अब दो हजार रुपए देने होंगे। इसके अलावा एक विषय और दो विषय (द्वितीय मुख्य/ अवसर परीक्षा) के शुल्क में भी लगभग डेढ़ गुना वृद्धि हुई है। एक विषय के लिए 280 रुपए के स्थान पर 4 सौ रुपए और दो विषय के लिए 340 रुपए के स्थान पर 600 रुपए देने होंगे।

Share This Article