Vedant Samachar

सिहावा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संगी मिलन समारोह

Vedant Samachar
2 Min Read

सिहावा,09 फरवरी । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रविवार को पूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य महा मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन को ‘संगी मिलन समारोह’ नाम दिया गया, जिसमें वर्ष 1974 से 2025 तक के कुल 52 बैच के पूर्व छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैल चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों का मंच पर स्वागत एवं सम्मान किया गया। वर्तमान छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

सभी बैच को क्रमशः मंच पर आमंत्रित किया गया। आयोजक समिति द्वारा पूर्व छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं और गीत-संगीत व नृत्य के माध्यम से पुराने दिनों को याद किया।

भावुक क्षण तब देखने को मिले, जब वर्षों बाद एक ही बेंच पर पढ़ने वाले साथी फिर से विद्यालय परिसर में मिले। गुरुओं की डांट, दोस्तों की शरारतें और स्कूल के दिन सभी की आंखों के सामने ताजा हो गए।

इस अवसर पर समाजसेवी रामाराव बघेल ने कहा कि यह सम्मेलन केवल मिलन नहीं, बल्कि विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को जीने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय से हम आगे बढ़े हैं, उसके विकास के लिए सभी पूर्व छात्रों को मिलकर सहयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्र-छात्राओं ने स्वेच्छा से विद्यालय के विकास के लिए कुल 7 लाख 57 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष शैलेंद्र धेनुसेवक, उपाध्यक्ष रामाराव बघेल सहित टेश्वर सिंह ध्रुव, राकेश चौबे, विजय साहू, सतीश सोनी, कमलेश यदु, पिंकी यदु, आसीफ खान, तपन धेनुसेवक, हिरा मरकाम, मनोज ठाकुर, देवेंद्र साहू, अकबर कश्यप, हनीफ खान, प्रवीण गुप्ता, जशवंत नाग, थरुण निषाद, भावेश पारख, उज्जवल डोटे, यवनेश देवांगन, दिलेश शांडिल्य, मानसिंह साहू, धर्मेंद्र देवांगन, राजेश पटेल, पुरन ध्रुव, इंद्रजीत देवांगन, खिलेश्वर साहू, बसंत भक्त, बलराम देवांगन, आशीष खंडेलवाल, नुतन डोंटे सहित अनेक सदस्यों का योगदान रहा।

Share This Article