नई दिल्ली,09फरवरी : इटली के लिए बुरी खबर है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में उसे कप्तान वेन मैडसन से हाथ धोना पड़ा है. इटली के कप्तान को स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में बुरी तरह से चोट लगी, जिसमें उनका कंधा जख्मी हो गया है. वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर इयान बिशप ने कन्फर्म किया कि मैडसन, स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच से बाहर रहेंगे. हालांकि, इंजरी को देखते हुए मैच से बाहर हुए इटली के कप्तान पर टूर्नामेंट से भी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है.
मैडसन का कंधा हुआ इंजर्ड, मैच से बाहर
इटली के 42 साल के कप्तान वेन मैडसन की चोट को लेकर जानकारी देते हुए इयान बिशप ने बताया कि उनका कंधा डिस्लोकेट हुआ है, जिसे आम भाषा में कंधे का उखड़ना या उतरना भी कहते हैं. मैडसन के इंजर्ड होने से इटली के बल्लेबाजी क्रम को झटका लगा है. वो अपनी टीम के एक मंझे हुए बल्लेबाज थे, जिन्हें दुनिया भर की T20 लीग में खेलने का अनुभव था.
