रायगढ़,09 फरवरी (वेदांत समाचार)। केलो विहार के सहायक संचालक मछली पालन विभाग कार्यालय में रविवार की शाम भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कुछ ही मिनटों में पूरा कार्यालय जल गया। कार्यालय से उठते धुएं के गुबार और लपटें देखकर आसपास अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना चक्रधर नगर थाना व होमगार्ड फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही होमगार्ड की दो दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर करीब 2 घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आगजनी की चपेट में आने से कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइल, कूलर-पंखे सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं: आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस व प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारी नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।
जांच की जा रही है ^आग की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। होमगार्ड के दो दमकल के सहारे आग पर काबू पा लिया गया है। संभवत: प्रतीत हो रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। -जीएल साहू थाना प्रभारी, थाना चक्रधर नगर
