Vedant Samachar

पुरानी रंजिश को लेकर युवक की बेरहमी से हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर चांपा ,09 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हटाया के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला नैला थाना क्षेत्र के सिवनी गांव का है, जहां प्रार्थी राकेश सूर्यवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई रोशन सूर्यवंशी उर्फ छोटे दादू टेंट का काम करता था। 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्त परमेश्वर चौहान के साथ गांव के अमहा तालाब की ओर घूमने निकला था।

इसी दौरान नशे की बात को लेकर आरोपी आशीष सूर्यवंशी और अतुल महंत से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने धारदार हथियार से रोशन के पेट में प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना के बाद फरार आरोपी आशीष सूर्यवंशी ने नैला निवासी यशवंत यादव पर भी धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया, जिस पर हत्या के प्रयास का एक और मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में साइबर, कोतवाली और नैला थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने लगातार तलाश करते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उनके कब्जे से दो धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article