बलरामपुर,09 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत बालापानी गांव से बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान ग्रामीणों का वीडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। सड़क सुविधा के अभाव में गंभीर रूप से बीमार एक महिला को चार ग्रामीणों ने खाट पर बैठाकर कई किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे अस्पताल ले जाया गया। प्रशासन का दावा है कि गांव तक सड़क है लेकिन चढ़ाई के कारण एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई होगी।
जानकारी के अनुसार बालापानी गांव निवासी महिला के पूरे शरीर में सूजन थी और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। समय पर उपचार न मिलने की आशंका के चलते स्वजन और ग्रामीणों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। हालांकि गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस सेवा वहां तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को खाट पर बैठाकर दुर्गम रास्तों से पैदल लक्ष्मणपुर तक पहुंचाया, जहां मुख्य सड़क पर एंबुलेंस उपलब्ध हो सकी। परेशानी झेल रहे ग्रामीणों का कहना है कि तो क्या अब 2047 में सड़क बनेगी। बता दें कि भाजपा का संकल्प पत्र, 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प है।
