Vedant Samachar

छुरी–कटघोरा मार्ग बदहाल, उड़ती धूल ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किलें

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। छुरी से कटघोरा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क की जर्जर हालत के कारण दिनभर भारी मात्रा में धूल उड़ रही है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि सामने से आने वाला वाहन तक दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों की हालत सबसे खराब है। उड़ती धूल के बीच बाइक सवार मानो धूल में नहाने को मजबूर हैं। आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और कपड़ों के पूरी तरह धूल से भर जाने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी इस मार्ग पर चलना कठिन हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं। बावजूद इसके सड़क की मरम्मत और धूल नियंत्रण को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क सुधार, डामरीकरण तथा नियमित पानी के छिड़काव की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर ध्यान देगा और छुरी–कटघोरा मार्ग को सुरक्षित व सुगम बनाया जाएगा।

Share This Article