रायपुर, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने गांजा तस्करी के एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20.300 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।
दिनांक 7 फरवरी 2026 को थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग गांजा लेकर उसकी डिलीवरी के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन संदीप पटेल ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र नगर नवनीत पाटिल तथा थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को आता देख वाहन में सवार दो व्यक्ति फरार हो गए, जबकि चालक सीट पर बैठे एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हिमांशु केशरवानी, निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उड़ीसा के कालाहांडी से गांजा लाकर रायपुर और उत्तर प्रदेश में उसकी बिक्री करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.300 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार रुपये), तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 04 एमटी 1518 (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) तथा वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन (कीमत करीब 50 हजार रुपये) जप्त किए हैं। इस संबंध में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 56/26 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। साथ ही बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी हिमांशु केशरवानी पिता स्वर्गीय बब्बु केशरवानी, उम्र 29 वर्ष, निवासी पुरामुक्ति एयरफोर्स मनोरी, थाना पुरामुक्ति, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
