कोरबा, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर निगम आवासीय परिसर स्थित श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय श्री शिव मंदिर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण का सृजन हो गया है। पंचायती अखाड़ा दशनाम नागा सन्यासी श्री निरंजनी, मायापुरी हरिद्वार (शाखा प्रयागराज) से भगवान स्वरूप परम पूज्य श्री दिगंबर अखिलेश पुरी महाराज का मंदिर में आगमन हुआ है। महाराज जी के आगमन से समूचे परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
महाराज जी द्वारा महाशिवरात्रि पर्व पर समस्त दुःखों के निवारण और लोक कल्याण की भावना से मंदिर परिसर में धुना स्थापित किया गया है। यह मंदिर के इतिहास में एक विशेष और गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है, क्योंकि यहां 43वां लघु रुद्र यज्ञ एवं रुद्राभिषेक आयोजित होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर पंचायती अखाड़ा दशनाम नागा सन्यासी श्री निरंजनी से जुड़े तत्वदर्शी नागा सन्यासियों का भी उनके शिष्यों सहित आगमन हुआ है।
नागा सन्यासी को शिव का चलता-फिरता स्वरूप माना जाता है। भस्म से लिप्त देह, जटाओं में बंधा वैराग्य, निर्भीक साधना और संसारिक मोह से पूर्ण त्याग—इनकी पहचान है। न वस्त्र, न भय और न ही किसी प्रकार का लोभ, नागा सन्यासी सनातन परंपरा की जीवित चेतना और संन्यास की चरम अवस्था का प्रतीक माने जाते हैं। कहा जाता है कि जहां शिव की उपासना होती है, वहीं नागा सन्यासी की उपस्थिति आत्मा को जागृत करती है और अहंकार को भस्म कर देती है।
मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के अवसर पर पंचदिवसीय लघु रुद्र यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन कलश यात्रा के साथ दिनांक 12 फरवरी 2026, गुरुवार से प्रारंभ होगा और इसकी पूर्णाहुति 16 फरवरी 2026 को संपन्न होगी। इस धार्मिक अनुष्ठान में कॉलोनीवासियों एवं शिवभक्तों का महत्वपूर्ण सहयोग रहता है।
मंदिर के वर्तमान पुरोहित श्री नागेश्वर पुरी हैं, जो मंदिर के प्रथम पुरोहित ब्रह्मलीन श्री प्रहलाद पुरी गोस्वामी जी की तीसरी पीढ़ी से हैं। यज्ञाचार्य के रूप में श्री नागेंद्र पाण्डेय जी (बनारस वाले) द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया जाएगा।
आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से आग्रह किया है कि वे सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य अवसर के साक्षी बनें और यज्ञ, रुद्राभिषेक तथा महाशिवरात्रि पर्व का आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।
पूजा स्थल श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय श्री शिव मंदिर, नगर निगम आवासीय परिसर, कोरबा (छत्तीसगढ़) है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर +91 79742 50158 पर संपर्क किया जा सकता है।
