जांजगीर-चांपा, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र से आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर ग्राम कोटगढ़ के पास तड़के करीब चार से पांच बजे के बीच कोयले से लदे तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ट्रेलरों में आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रेलर चालक की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं तीसरे वाहन के चालक को सामान्य चोटें आई हैं। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों ट्रेलर तेज रफ्तार में थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलरों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को ट्रेलर के केबिन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण अकलतरा-बलौदा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार सामने आई है। मृतक और घायल चालक का नाम पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
