Vedant Samachar

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अनिवार्य बायोमेट्रिक आधार अपडेट की प्रगति की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त निर्देश

Vedant Samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा,07 फरवरी(वेदांत समाचार)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा चिप्स विभाग की बैठक लेकर जिले में संचालित अनिवार्य बायोमेट्रिक आधार अपडेट (एमबीयू) कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आधार अपडेट कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले में शत-प्रतिशत आधार अपडेट सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक आधार अपडेट किया जाए। साथ ही 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का आधार नामांकन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधान पाठकों को निर्देशित किया कि आधार शिविरों के रोस्टर के अनुसार पालकों एवं विद्यार्थियों को कम से कम एक-दो दिन पूर्व सूचना देकर आधार कार्ड सहित उपस्थित होने के लिए अवगत कराएं।

जिला शिक्षा अधिकारी को इस कार्य हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि आधार अद्यतन का कार्य यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही आधार केंद्र संचालकों के माध्यम से किया जाए तथा यू-डाइस (यूडीआईएसई) पोर्टल में समय पर और सही प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बताया गया कि जिले के विद्यालयों में मेंडेटरी बायोमेट्रिक आधार अपडेट के तहत 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 7 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक विशेष आधार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन बच्चों का आधार अभी तक नहीं बना है, उनके जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर आधार सेवा केंद्र के माध्यम से आधार कार्ड तैयार कर यू-डाइस पोर्टल में प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी का रिकॉर्ड अपूर्ण न रहे।

कलेक्टर ने अपार आईडी कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की और इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आवश्यकता अनुसार विशेष शिविर आयोजित करने को कहा। साथ ही सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और लक्ष्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सुनील कुमार साहू, पोस्ट ऑफिस आईपीपीबी से नीरज कुमार सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, सीडीपीओ एवं जिले के समस्त आधार ऑपरेटर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Share This Article