Vedant Samachar

राधेय विद्यापीठ इंग्लिश स्कूल में हाई स्कूल भवन का उद्घाटन, वार्षिक उत्सव हुआ भव्य

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा,07 फरवरी(वेदांत समाचार)। गेवरा-दीपका क्षेत्र स्थित राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल में नए हाई स्कूल भवन के उद्घाटन के साथ वार्षिक उत्सव कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक एस.के. मिश्रा रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर नवीन भवन का विधिवत उद्घाटन किया।

मुख्य अतिथि एस.के. मिश्रा ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की बेहतर शिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की बढ़ती नामांकन संख्या ही किसी भी विद्यालय की सफलता का पैमाना होती है। उन्होंने दो वर्ष पूर्व की तुलना में विद्यालय के उल्लेखनीय विकास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय संचालक राधेश्याम मनहर को बधाई दी।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ममता मनहर एवं श्रीमती सुनीता मेहता ने पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. प्यारेलाल आदिले ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ विवेक, विज्ञान और संविधान के मूल्यों को अपनाने की सीख दी। उन्होंने अंधविश्वास और आडंबर से दूर रहकर सद्मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रेशमलाल यादव एवं एचएमएस यूनियन के अनिरुद्ध सिंह ने विद्यार्थियों को उपयोगी सामग्री भेंट करते हुए शिक्षा के साथ खेलकूद और संगीत के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कलचुरी हायर सेकेंडरी स्कूल, रामकृष्ण स्कूल एवं सेंट पीटर स्कूल से आए शिक्षक, प्राचार्य एवं विद्यालय संचालक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंतर विद्यालयीन खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों के हाथों प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्रीमती शशि उइके एवं शिवानी झा ने किया। कार्यक्रम के अंत में योगेश मनहर ने कलाकार विद्यार्थियों, पालकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह के समापन की घोषणा की।

Share This Article