Vedant Samachar

“सजग कोरबा” अभियान के तहत बैंक व एटीएम में छत्तीसगढ़ी पैंपलेट, ऑडियो संदेश से नागरिकों को किया गया जागरूक

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 07 फरवरी 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा” अभियान के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में यह विशेष पहल की जा रही है।

अभियान के तहत आम नागरिकों को लूट, ठगी और चोरी जैसी घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क किया जा रहा है। विशेष रूप से बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में संभावित आपराधिक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा एहतियाती उपाय अपनाने की अपील की जा रही है।

कोरबा पुलिस ने स्थानीय नागरिकों तक संदेश को सरल और प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ी भाषा में जागरूकता पैंपलेट तैयार कर बैंक, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों में चस्पा किए हैं। इसके साथ ही बैंक परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में माइक और लाउडस्पीकर के माध्यम से ऑडियो संदेश प्रसारित कर लगातार नागरिकों को सतर्क किया जा रहा है।

इन पैंपलेट्स और ऑडियो संदेशों के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित बैंकिंग लेन-देन, संदिग्ध व्यक्तियों से सावधानी बरतने तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पैंपलेट में दिए गए प्रमुख छत्तीसगढ़ी संदेशों में बैंक से पैसे निकालते समय अकेले न जाने, अनजान लोगों की बातों में न आने, पैसे लेकर रास्ते में न रुकने, वाहन में पैसे लापरवाही से न रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे स्वयं सजग रहें और अपने परिवारजनों व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस सहायता नंबर पर देकर अपराधों की रोकथाम में सहयोग करें।

Share This Article