जांजगीर-चांपा,07 फरवरी(वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले में विद्युत ट्रांसफार्मर, कॉपर एवं एल्युमिनियम केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित अंतरजिला चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 17 लाख 30 हजार रुपये की चोरी की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में जनवरी माह के दौरान ट्रांसफार्मरों से बड़ी मात्रा में कॉपर वायर चोरी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। 13–14 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात रोड दुरपा के पास स्थित पुराने ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलोग्राम कॉपर चोरी होने तथा 22 जनवरी 2026 को लोहर्सी के पास लगे ट्रांसफार्मर से करीब 200 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इन मामलों में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 21/2026 एवं 48/2026 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और सतत निगरानी के आधार पर मुख्य आरोपी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले क्षेत्र में घूम-घूमकर ट्रांसफार्मर और केबल की रेकी करता था, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाई जाती थी और रात के समय वारदात को अंजाम दिया जाता था। चोरी के माल के परिवहन के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस के रूप में तैयार किया गया था, ताकि पुलिस और आमजन को भ्रमित किया जा सके। चोरी के बाद कॉपर और एल्युमिनियम वायर को कबाड़ में खपाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी, संतोष भास्कर, विरेन्द्र सुमन, राज आर्यन वानी उर्फ छोटू, अमन रात्रे एवं राज आर्यन उर्फ रोहित वानी शामिल हैं। सभी आरोपी जिला बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों ने थाना मुलमुला, अकलतरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह की 10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर, कॉपर व एल्युमिनियम वायर, चार मोबाइल फोन, छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-10 AS-5452, बोलेरो एम्बुलेंस क्रमांक CG-10 AT-5255, कटर मशीन ब्लेड एवं अन्य औजार जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 17 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी बलौदा बाजार-भाटापारा एवं बिलासपुर जिलों के विभिन्न थानों में चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं। संगठित रूप से अपराध किए जाने के कारण आरोपियों के विरुद्ध संगठित अपराध की धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
