कोरबा ,07 फरवरी(वेदांत समाचार): जिले के बांगो थाना क्षेत्र में 11 साल की मासूम के साथ पड़ोसी ने अनैतिक कृत्य किया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी बुधराम मरकाम उर्फ धनरसिया (42) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. बताया जा रहा है कि मासूम घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी उसे पास की झाड़ियों में लकड़ी बीनने के बहाने ले गया और उसके साथ घटना को अंजाम दिया.
मासूम चीखते हुए घर लौटी और परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घायल मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी का मासूम के घर आना-जाना था और इस घटना ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है.
कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के स्कूल, कॉलेज और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. बच्चों को “गुड टच-बैड टच” और आत्मरक्षा के बारे में शिक्षित किया जा रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
