रायपुर, 05 फरवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर वेस्ट जोन पुलिस की सतर्कता के चलते अवैध रूप से गांजा रखने और बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई दिनांक 5 फरवरी 2026 को थाना पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत महाराजबंद तालाब के पास की गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को तत्काल आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए। ADCP राहुल देव शर्मा, ACP पुरानी बस्ती श्री देवांश सिंह राठौर और थाना पुरानी बस्ती की पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी की पतासाजी कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुजल पंसारी, पिता विनोद पंसारी, उम्र 20 वर्ष, निवासी लीली चौक, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास भूरा रंग का पिठू बैग पाया गया, जिसमें कुल 3.270 किलोग्राम गांजा रखा था। गांजा की कीमत लगभग 1,63,500 रुपये आंकी गई है। आरोपी से वैध दस्तावेज मांगने पर उसने कोई प्रमाण नहीं प्रस्तुत किया और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी सुजल पंसारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा जप्त कर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 61/26, धारा 20(ब) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
रायपुर वेस्ट जोन के पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने कहा कि अन्य राज्यों से आने वाले सूखे नशे की तस्करी को रोकने के साथ ही अवैध गांजा और नशीली दवाइयों के कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।



