दुर्ग, 05 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में डायल-112 पुलिस सेवा की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक युवक की जान बच गई। 27 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 3:30 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि धमधा नाका रेलवे ट्रैक पर एक युवक आत्महत्या की नीयत से ट्रैक पर लेटा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक रमेश जायसवाल एवं चालक लाखेश्वर ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
मौके पर मौजूद आम नागरिकों की मदद से युवक को तत्काल रेलवे ट्रैक से सुरक्षित हटाया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। रेस्क्यू के दौरान आरक्षक रमेश जायसवाल को कमर और पैर में चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
इस साहसिक, त्वरित और मानवीय कार्य को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा आरक्षक रमेश जायसवाल और डायल-112 टीम की सराहना की गई। आरक्षक रमेश जायसवाल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
घटना धमधा नाका रेलवे ट्रैक क्षेत्र की है, जहां समय पर की गई पुलिस कार्रवाई ने एक अनमोल जीवन को बचा लिया। इस पूरे घटनाक्रम में डायल-112 टीम के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की भूमिका भी सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन या संवेदनशील स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। मानव जीवन की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में हर संभव त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी।



