Vedant Samachar

Big Breaking: कोयला खदान में भीषण धमाका, 10 मजदूरों की मौत; राहत-बचाव जारी

Vedant samachar
2 Min Read
कोयला खदान में गुरुवार को भीषण धमाका हुआ जिसकी वजह से 10 मजदूरों की मौत

ताशखाई (मेघालय)। मेघालय के ताशखाई इलाके में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण धमाके से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 10 मजदूरों की मौत की सूचना है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताशखाई की कोयला खदान में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तीव्र था कि खदान के भीतर काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और वे उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मृतकों में अधिकांश मजदूर असम के रहने वाले हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृत मजदूरों में से एक असम के कटिगारा क्षेत्र के बिहारा गांव का निवासी बताया जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मेघालय पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। खदान के भीतर फंसे अन्य मजदूरों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से आसपास के इलाके को घेरकर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।

अधिकारियों ने बताया कि धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में खदान के भीतर गैस रिसाव या किसी तकनीकी खामी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद मजदूरों की सुरक्षा और क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने की बात भी कही गई है।

Share This Article