[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

Raipur Crime News : सात दिनों में 143 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, 26 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 04 फरवरी (वेदांत समाचार)। अवैध नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में आबकारी अधिनियम के तहत विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पिछले सात दिनों में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 26 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 23 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत 13 प्रकरण और धारा 34(1) के तहत 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करने वाले 43 व्यक्तियों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान कुल 143 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिससे अवैध नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

थानावार की गई जब्ती में आज़ाद चौक थाना क्षेत्र से 12 लीटर, कबीरनगर से 10 लीटर, सरस्वतीनगर से 5 लीटर, पुरानी बस्ती से 16 लीटर, डीडीनगर से सर्वाधिक 46 लीटर, आमानाका से 18 लीटर, टिकरापारा से 18 लीटर, राजेन्द्रनगर से 12 लीटर तथा मुजगहन थाना क्षेत्र से 6 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

डीसीपी पश्चिम के निर्देशानुसार पश्चिम जोन के सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन अड्डेबाजी स्थलों, संवेदनशील इलाकों और संदिग्ध स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब, नशा तस्करी और सार्वजनिक अव्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि अवैध नशे के खिलाफ उसकी नीति “शून्य सहनशीलता” की है और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार की जाती रहेगी।

[metaslider id="133"]