Vedant Samachar

आर.आर. राजभानू बने अखिल भैना समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष

Vedant samachar
2 Min Read

सक्ती। अखिल भैना समाज छत्तीसगढ़ की 16वीं आमसभा का भव्य आयोजन ग्राम नवागांव, तहसील सारागांव, जिला सक्ती में तीन दिवसीय महा सभा के रूप में संपन्न हुआ। इस महा सभा में समाज के प्रतिनिधियों ने सामाजिक नियमों, रीति-रिवाजों और परंपराओं पर गहन चिंतन-मनन करते हुए कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

आमसभा के अंतिम दिवस अखिल भैना समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें श्री आर.आर. राजभानू को सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। उनके निर्वाचन पर समाजजनों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में व्यास कश्यप (विधायक, जांजगीर-चांपा), एम.डी. दीवानओ (संयुक्त सचिव) एवं बी.पी. राजभानू (पूर्व डीआईजी) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती गजमती भानु ने की।

सभा के दौरान वक्ताओं ने समाज को संगठित रखते हुए शिक्षा, स्वरोजगार और सामाजिक जागरूकता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आर.आर. राजभानू ने समाज के विश्वास के लिए आभार जताते हुए समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

Share This Article