Vedant Samachar

आत्महत्या करने 20 फीट नीचे कूदा निगम का कर्मचारी रेलवे ओवरब्रिज से नीचे पटरी पर कूदा, जान बची

Vedant Samachar
2 Min Read

दुर्ग-भिलाई ,04 फरवरी(वेदांत समाचार)। दुर्ग-भिलाई मंगलवार की शाम को भिलाई नगर निगम का एक कर्मचारी आत्महत्या करने दुर्ग के धमधा नाका ओवरब्रिज पर पहुंचा। काफी देर तक यहीं पर भटकता रहा और अचानक से ब्रिज से नीचे रेल पटरी पर कूद गया। करीब 20 फीट की उंचाई से नीचे कूदने पर उसकी जान तो बच गई, लेकिन उसका पैर टूट गया है। जब स्थानीय लोगों ने उसे आत्महत्या करने की वजह पूछी तो वो रोने लगा और कहने लगा कि घर वाले उसे बार-बार चिढ़ाते थे और मारने की धमकी देते थे। इसकी वजह से वो आत्महत्या करने पहुंचा है।

आत्महत्या करने आए निगम के कर्मचारी का नाम भानुप्रताप देशमुख, पिता कमलेश देशमुख उम्र 30 साल है। वह जेवर सिरसा वार्ड नं. 13 का रहने वाला है। भिलाई नगर निगम में सफाई कर्मचारी है। बताया जा रहा है कि यह मामला जीआरपी दुर्ग का है। घायल अवस्था में युवक को जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है। जहां पर उसका इलाज जारी है।

गन रखने का आरोप लगाते थे मामा के लड़के
घायल भानुप्रताप ने बताया कि उसके घर वाले उसे बार-बार मेंटल बोलते थे इसलिए मैं मरने के लिए आया था। वहीं बताया कि मेरे मामा के लड़के लोग डॉन भेजे थे मेरे लिए। उन लोग मुझे चिढ़ाते रहते हैं कि गन रखा अपने पास, जबकि वो गन नहीं है चिड़िया भगाने वाला लिया था मैं।

जान से मारने की देते थे धमकी
इसके बाद भी उन लोग फिर गुंडा लेकर मुझे मारेंगे बोल रहे थे, इसलिए मैं मरने आ गया हूं। मेरा कोई नहीं है। मामले में भानुप्रताप देशमुख की पत्नी ने बताया कि वो घर से अचानक निकल गए। बाद में हमें पता चला कि पति ने ऐसा कदम उठाया है। घर में किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। कोई कुछ नहीं बोलता था। विवाद जैसी भी कोई बात नहीं है। हालांकि पति को देखने पत्नी अस्पताल भी शाम तक नहीं पहुंची थी।

Share This Article