Vedant Samachar

Janjgir Champa : मेन रोड पर चक्का जाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई, 21 नामजद सहित अन्य के खिलाफ कोतवाली में अपराध दर्ज

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 03 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मछुआरा समिति के सदस्यों द्वारा मत्स्य विभाग कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किए जाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 21 नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक मत्स्य अधिकारी सीताराम अहिरवार, जो सहायक संचालक मत्स्य पालन कुलीपोटा में पदस्थ हैं, ने थाना सिटी कोतवाली में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि दिनांक 3 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे मछुआरा समिति के पदाधिकारी एवं अन्य लोग मत्स्य विभाग कार्यालय के सामने मेन रोड के किनारे विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान समिति के सदस्यों ने कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह से बाधित कर दिया और चक्का जाम कर दिया।

शिकायत के अनुसार प्रार्थी एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने पर प्रदर्शनकारियों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। चक्का जाम के कारण मुख्य मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 एवं 126(2) के अंतर्गत 21 नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर उपस्थित अन्य आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडेय ने बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और आम जनता को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article