जांजगीर-चांपा, 03 फरवरी। छपर तोड़कर कपड़ा दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए शर्ट एवं 3 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 61, 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक केवट उम्र 21 वर्ष एवं पुरुषोत्तम यादव उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी महामाया हरदी बाजार पारा थाना बलौदा शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रमेश कुमार साहू निवासी हरदी महामाया का बाजार चौक के पास ‘निखिल वस्त्रालय’ नाम से कपड़ा दुकान संचालित करता है। दिनांक 25 दिसंबर 2025 की रात करीब 7:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 26 दिसंबर की सुबह लगभग 8:30 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ है और सामने वाले कमरे की छत का टीना उखड़ा हुआ है। जांच करने पर पाया गया कि रैक में रखे करीब 50 नग शर्ट, जिनकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये थी, साथ ही गल्ले में रखी नगदी करीब 10 हजार रुपये चोरी हो चुकी थी। कुल मिलाकर लगभग 20 हजार रुपये की चोरी की गई थी। इस पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 331(1), 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही कार्तिक केवट एवं पुरुषोत्तम यादव को हिरासत में लेकर कड़ाई एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को दिनांक 3 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक टिकेश्वर राठौर, बृजपाल बर्मन, रज्जू रात्रे, रोहित साहू एवं महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



