Vedant Samachar

रहस्य और रोमांच की दुनिया में पहुंचे पत्रकार, परिवार संग लिया जादू शो का आनंद

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर,03 फरवरी (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के रंगमंदिर में सोमवार दोपहर रहस्य, रोमांच और मनोरंजन से भरा माहौल देखने को मिला। रायपुर प्रेस क्लब के सदस्यों एवं उनके परिजनों के लिए आयोजित प्रख्यात जादूगर ओपी शर्मा जूनियर के विशेष जादू शो ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में पत्रकार अपने परिवार और बच्चों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत जादू शो से हुई, जहां एक के बाद एक प्रस्तुत किए गए अद्भुत करतबों ने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। कभी हवा में वस्तुओं का गायब होना, तो कभी पलों में दृश्य परिवर्तन—हर प्रयोग पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों में जादू को लेकर विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली, वहीं बड़ों ने भी भरपूर आनंद उठाया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा, अनिल पवार एवं नंदकुमार कंसारी का जन्मदिन भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। केक कटिंग के दौरान उपस्थित सदस्यों और परिजनों ने तालियों के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं। यह दृश्य प्रेस क्लब की सामूहिक भावना और वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान को दर्शाता नजर आया।

जादू शो के दौरान जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने कुछ वरिष्ठ पत्रकारों को मंच पर आमंत्रित किया, जिससे कार्यक्रम में हास्य और रोमांच का नया रंग जुड़ गया। दर्शकों की सक्रिय सहभागिता ने पूरे आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। आयोजन के दौरान पत्रकारों से अधिक उनके परिजनों और बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान कार्यक्रम की सफलता की गवाही दे रही थी।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े शामिल थे। सभी की मौजूदगी में आयोजन सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।

कुछ घंटों के लिए रंगमंदिर का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। व्यस्त पत्रकारिता जीवन से इतर यह आयोजन मनोरंजन, पारिवारिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का सुंदर उदाहरण साबित हुआ।

Share This Article