रायपुर, 02 फरवरी (वेदांत समाचार)। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा जनविश्वास को मजबूत करने और बेहतर पुलिसिंग को व्यवहार में उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिनांक 02 फरवरी 2026 को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) ने शंकर नगर स्थित सभागार में कमिश्नरेट रायपुर के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। यह सेमिनार आरक्षक स्तर से लेकर पुलिस कमिश्नर तक समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया।
सेमिनार के दौरान कमिश्नरेट रायपुर के सभी प्रमुख जोन अधिकारियों का उनके अधीनस्थ अराजपत्रित अधिकारियों से परिचय कराया गया। इस अवसर पर डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने-अपने जोन के कार्यक्षेत्र, प्राथमिकताओं और अधीनस्थ एसीपी डिवीजनों की भूमिका की जानकारी दी।
अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि कमिश्नरी प्रणाली का उद्देश्य केवल पुलिस के अधिकारों का विस्तार नहीं, बल्कि पुलिस और आम नागरिक के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनाना है। उन्होंने कहा कि भयमुक्त और सुरक्षित रायपुर का निर्माण तभी संभव है, जब पुलिस संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितकारी दृष्टिकोण के साथ कार्य करे।
डॉ. शुक्ला ने बेसिक पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का व्यक्तिगत आचरण, नागरिकों से शालीन व्यवहार और उनकी शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर वैधानिक समाधान देना ही जनविश्वास की नींव है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की समीक्षा में कई मामलों में नागरिकों को अपेक्षित सुनवाई नहीं मिल पाने की बात सामने आती है, जिसे सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर दूर करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विजिबल पुलिसिंग का उद्देश्य केवल पुलिस की उपस्थिति दर्ज कराना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देना है। यह पुलिसिंग वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी में होनी चाहिए, ताकि नागरिक स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के प्रति कानून सख्त रहेगा, जबकि आम जनता के प्रति पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक और मानवीय होना चाहिए।
पुलिस कमिश्नर ने पुलिसकर्मियों से स्वच्छ वेशभूषा, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि एक सजग, अनुशासित और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास कायम कर सकता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी राहुद देव शर्मा, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम सहित समस्त एसीपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
