Vedant Samachar

SECL ने रचा रिकॉर्ड: वित्तीय वर्ष 2025-26 में 408 अनुकंपा नियुक्तियाँ, जनवरी में ही पिछले साल की बराबरी

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,02 फरवरी(वेदांत समाचार)। कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी 2026 तक 408 अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का सफलतापूर्वक निपटान किया है। खास बात यह है कि नए वर्ष के पहले ही महीने में SECL ने पिछले पूरे वित्तीय वर्ष में की गई कुल अनुकंपा नियुक्तियों के बराबर आंकड़ा छू लिया है।

आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 से अब तक SECL द्वारा कुल 1216 अनुकंपा नियुक्तियाँ प्रदान की जा चुकी हैं। यह उपलब्धि संगठन की संवेदनशील कार्यसंस्कृति, पारदर्शी प्रशासनिक प्रक्रिया और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

SECL के सीएमडी हरीश दुहन के प्रेरणादायी मार्गदर्शन तथा निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास के कुशल नेतृत्व में मानव संसाधन/श्रमशक्ति विभाग द्वारा अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े प्रकरणों के त्वरित, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सुनियोजित रणनीति और विभागीय समन्वय का सकारात्मक परिणाम है कि चालू वित्तीय वर्ष में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

श्रमशक्ति विभाग द्वारा मामलों के शीघ्र निराकरण से पात्र आश्रित परिवारों को समय पर रोजगार उपलब्ध हो रहा है, जिससे न केवल उन्हें आर्थिक संबल मिला है, बल्कि संगठन के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।

SECL की यह पहल यह साबित करती है कि संस्थान केवल उत्पादन और लक्ष्य पूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति मानवीय दायित्वों के निर्वहन को भी समान रूप से प्राथमिकता देता है।

Share This Article