Vedant Samachar

Raigarh Sex Racket : केलो बिहार में देह व्यापार का भंडाफोड़, रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
4 Min Read

रायगढ़,02 फरवरी(वेदांत समाचार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन में रायगढ़ जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में केलो बिहार कॉलोनी में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करवा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद तत्काल एसएसपी शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया, जिनके मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से रेड की गई।

पुलिस ने कार्रवाई से पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपए देकर उक्त मकान भेजा। पाइंटर से संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर अचानक छापा मारा। मौके पर मकान के भीतर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर, मुख्य आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार तथा एक अन्य आरोपी नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड पाए गए। तलाशी के दौरान मकान से देह व्यापार में प्रयुक्त कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

पूछताछ में नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि डिंपी इजारदार मकान का किरायेदार है और महिलाओं को लाकर उनसे वेश्यावृत्ति कराता है। वह उसी सिलसिले में वहां पहुंचा था। जांच में यह भी सामने आया कि डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक देह व्यापार कर जीवन-निर्वहन कर रहा था, स्वयं इसका संचालन और प्रबंधन करता था तथा दलाली की भूमिका निभा रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा दिए गए रुपए तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री को गवाहों के समक्ष जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों में डिंपी उर्फ राहुल इजारदार (40 वर्ष), निवासी केलो बिहार, थाना चक्रधरनगर और नागेंद्र विश्वकर्मा (35 वर्ष), निवासी गणेश चौक, थाना कोतरारोड शामिल हैं।

उक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) अनिल विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर के प्रभारी उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, एएसआई नंद कुमार, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू, आरक्षक राजेश सिदार, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, रेनू मंडवी सिंह, प्रशांत पंडा, रविंद्र गुप्ता, विक्रम सिंह, सुरेश सिदार तथा महिला आरक्षक मेनका चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article