0.पुरानी पेंशन बहाली पर भी बनी रिपोर्ट, अनुमोदन के बाद होगी कार्रवाई
कोरबा,02 फरवरी(वेदांत समाचार) । राज्य की बिजली कंपनी के नियमित कर्मचारियों को लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति का लाभ जल्द मिलने की उम्मीद जगी है। कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची को बीओडी (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) से अनुमोदन मिल चुका है, जिसके बाद पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी किए जाने की बात कही गई है।
इसी क्रम में राज्य शासन के अन्य विभागों की तर्ज पर बिजली कंपनी में पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने को लेकर विभागीय स्तर पर रिपोर्ट भी तैयार कर ली गई है। रिपोर्ट वर्तमान में उच्च स्तर पर अनुमोदन के लिए लंबित है, स्वीकृति मिलते ही आगे की औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बीएमएस से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ–महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल के नेतृत्व में बिजली कंपनी के चेयरमैन से मुलाकात कर कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
महासंघ के प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ ने बताया कि चेयरमैन ने स्पष्ट किया है कि2004 की स्थिति के अनुसार वरिष्ठता सूची तैयार कर ली गई है।और बीओडी की स्वीकृति के बाद पदोन्नति की कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी। वहीं पुरानी पेंशन योजना को लागू करने के लिए तैयार रिपोर्ट अधिकारियों के पास विचाराधीन है।
चेयरमैन ने महासंघ को यह भी आश्वस्त किया कि अन्य लंबित मांगों पर कंपनी स्तर पर अलग से बैठक कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय तिवारी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, प्रदेश कार्यालय मंत्री चेतनानंद दुबे, रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष परमेश्वर कन्नौजे, कोषाध्यक्ष पवन ओंगलेसहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बिजली कर्मचारियों की लंबित मांगों में **करियर प्लानिंग योजना लागू करने, स्टेशन भत्ता बढ़ाने, रिक्त पदों पर भर्ती, लंबित पदोन्नति सूची जारी करने, भू-विस्थापित कर्मचारियों को वेतन पुनरीक्षण का लाभ, सी-ऑफ सुविधा बहाल करने, वाहन भत्ते को महंगाई भत्ते से जोड़ने और ठेका कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
इन मांगों को लेकर महासंघ द्वारा पूर्व में क्षेत्रीय मुख्यालयों और बिजली उत्पादन केंद्रों के समक्ष आमसभा व प्रदर्शन भी किए जा चुके हैं।



