Vedant Samachar

दुर्गा मातरानी की चुनरी यात्रा संपन्न, कोरबा में श्रद्धा और उत्साह का सैलाब

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,02 फरवरी(वेदांत समाचार)। दुर्गा मातु शक्ति समूह कोरबा (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में दिनांक 01 फरवरी 2026, रविवार को दुर्गा मातरानी की भव्य चुनरी यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह धार्मिक आयोजन पूरे नगर में आस्था और भक्ति का केंद्र बना रहा, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

चुनरी यात्रा का शुभारंभ दोपहर 2 बजे सुभाष चौक से हुआ, जो गायत्री मंदिर, सीएसईबी चौक होते हुए कोरबा में सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान माता दुर्गा की जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया और नगर में आध्यात्मिक उल्लास देखने को मिला। श्रद्धालु हाथों में चुनरी और धार्मिक ध्वज लिए माता रानी के जयघोष करते हुए यात्रा में शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंतर्गत माता रानी की आकर्षक झांकी, गरबा नृत्य एवं मातृशक्ति शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर माता दुर्गा को श्रद्धा भाव से 21 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। 21 मीटर चुनरी अर्पण इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह तथा पार्षद नरेंद्र देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने माता दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता दुर्गा मातु शक्ति समूह की अध्यक्ष सुश्री ममता सावन ने की। उनके साथ समूह की पदाधिकारी एवं सदस्यगणों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अंत में आयोजकों ने कहा कि दुर्गा मातरानी की चुनरी यात्रा ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा एवं धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने का संदेश दिया है। कार्यक्रम की सफलता से उत्साहित होकर भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही गई।

Share This Article