Vedant Samachar

गरियाबंद: दुतकैयां गांव में हिंसा, 6 पुलिसकर्मी घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
2 Min Read

गरियाबंद,02 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुतकैयां गांव रविवार को हिंसा की चपेट में आ गया। एक पुराने मामले में जमानत पर रिहा हुए तीन आरोपियों द्वारा स्थानीय युवकों पर रॉड से किए गए हमले के बाद दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया और झड़पें शुरू हो गईं। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव हुआ, जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले गांव के एक मंदिर में मूर्ति तोड़ने के मामले में आरिफ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी कथित तौर पर ग्रामीणों को धमका रहे थे और मंदिर प्रकरण से जुड़े गवाहों को परेशान कर रहे थे। रविवार सुबह आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने का आरोप लगाते हुए चार से छह युवकों पर रॉड से हमला किया, जिससे आक्रोश फैल गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों का घेराव कर आगजनी की।

कुछ वाहनों को भी आग के हवाले किया गया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि हिंसा में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Share This Article