रायगढ़ ,01 फरवरी(वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संयुक्त समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि, स्कूलों और महाविद्यालयों के 100 गज के दायरे में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इस नियम का कड़ाई से पालन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसकी समयसीमा 31 मार्च तय की गई है।
अफवाहों और सोशल मीडिया पर निगरानी
कलेक्टर ने कहा कि, जिले में शांति व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने और लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर निगरानी बढ़ाने और मेडिकल दुकानों में बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाइयां बेचने पर रोक लगाने को कहा।
सड़क हादसे रोकने के लिए ‘3E फॉर्मूला’
एसएसपी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए एजुकेशन, इंजीनियरिंग और एनफोर्समेंट इन तीनों पहलुओं पर एक साथ काम करने की बात कही। शहरी और ग्रामीण सड़कों का निरीक्षण कर ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और वहां सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
नशे में ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष अभियान चलाने को कहा गया। दुपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लागू कराने पर जोर दिया गया।
समय पर सूचना से टल सकती हैं बड़ी घटनाएं
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि सटीक और समय पर मिलने वाली सूचना से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए।
आवारा मवेशी और हिट-एंड-रन मामलों पर चर्चा
बैठक में आवारा मवेशियों की वजह से हो रही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, हिट-एंड-रन मामलों की रोकथाम और अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।



