Vedant Samachar

मीशो सहित ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से मंगाए जा रहे धारदार चाकुओं पर रायपुर पुलिस का शिकंजा, 16 घातक चाकू जब्त

Vedant samachar
3 Min Read

रायपुर, 31 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से मंगाए जा रहे धारदार, बटनदार और घातक चाकुओं के खिलाफ विशेष तस्दीकी अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत नॉर्थ जोन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग व्यक्तियों से कुल 16 नग बटनदार, धारदार एवं अन्य किस्म के घातक चाकू जब्त किए हैं।

पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नॉर्थ जोन के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट को संयुक्त कार्ययोजना तैयार कर अवैध रूप से चाकू रखने, बिक्री करने और ऑनलाइन माध्यम से मंगाने वालों की पहचान कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य धारदार हथियारों से होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

जांच के दौरान यह सामने आया कि रायपुर शहर में निवासरत कई व्यक्तियों ने मीशो ऑनलाइन शॉपिंग साइट के माध्यम से बटनदार, धारदार और घातक चाकू मंगाए हैं। इसके आधार पर प्राप्त सूची के अनुसार नामित व्यक्तियों की तस्दीक के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा के निर्देशन में नॉर्थ जोन के थाना प्रभारियों के नेतृत्व में थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न व्यक्तियों से कुल 16 नग बटनदार, धारदार और घातक चाकू जमा कराए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से बटनदार, धारदार और घातक चाकू रखने, खरीदने-बेचने या ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स जैसे मीशो, अमेजॉन, फ्लिपकार्ट, स्नैपडील आदि के माध्यम से मंगाने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर आवश्यक वैधानिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रायपुर पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए चाकूबाजी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

Share This Article